नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान से नाखुश होकर लगे जाम और सचिव से मारपीट मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते नप सचिव की शिकायत पर 60-70 लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें कुछ बड़े नाम भी शामिल हैं। इसी के चलते पुलिस-प्रशासन फिलहाल उन लोगों के नाम सार्वजनिक करने से बच रहा है।
दूसरी ओर व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की एसडीएम से बैठक में फैसले पर अमल भी शुरू हो गया है। शुक्रवार को कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे लगे शेड का साइज कम कराना शुरू कर दिया। गौरतलब है कि नगर परिषद द्वारा बुधवार रात को रतिया रोड, हिसार रोड सहित कई मार्गों से जेसीबी की मदद से दुकानों के आगे लगे शेड को उखाड़ दिया था। इससे गुस्साए दुकानदारों ने गुरुवार को हरियाणा व्यापार मंडल के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर आए तहसीलदार और अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन इसी बीच जाम स्थल पर नप सचिव संदीप सोलंकी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट का प्रयास किया।
इसी मामले में थाना शहर पुलिस ने नप सचिव संदीप सोलंकी की शिकायत पर 60-70 लोगों पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, अधिकारी से मारपीट का प्रयास, जाम लगाने, नकदी छीनने का प्रयास करने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं शुक्रवार को विभाग के आदेशानुसार दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे लगे शेड को नियमानुसार छोटा कराकर लगवाना शुरू कर दिया है।
क्या कहते हैं एसएचओ
इस बारें में थाना शहर प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि जाम के दौरान नप सचिव से मारपीट के प्रयास मामले में संदीप सोलंकी की शिकायत के आधार पर 60-70 लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।