पुलिस ने कहा, सिर्फ चोरी हुई
हैदराबाद थाना क्षेत्र के लीलापुर और जियनपुर गांव में शुक्रवार की रात आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने दो घरों में धावा बोलकर लाखों के गहने लूट लिए। पुलिस ने इसे महज चोरी की घटना बताया है। शुक्रवार की अर्धरात्रि में ग्राम लीलापुर निवासी बालगोविंद वर्मा के घर दरवाजा खुलवाकर घुसे आधा दर्जन बदमाशों ने पहले गृहस्वामी और उसकी वृद्ध मां सर्वेश कुमारी की पिटाई की। बाद में दोनों को तमंचे के बल पर बांधकर डाल दिया। इसके बाद कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़ कर सोने का हार, चेन, मंगलसूत्र, पांच अंगूठियां, झाला, तीन जोड़ी पायल 30 हजार नकद आदि ढाई लाख का सामान लूट लिया और फरार हो गए।
इसके बाद बदमाशों ने ग्राम जियनपुर निवासी रामचंद्र वर्मा उसके भाई राजेश वर्मा के मकान पर धावा बोला। गृहस्वामी के अनुसार बदमाशों ने उनके घर में रखे बक्सों का ताला तोड़कर सोने का हार, जंजीर, कंगन, झुमकी, कुंडल, पायल आदि दो लाख का सामान लूट लिया। गृहस्वामी ने बताया कि घटना के वक्त वह सपरिवार मकान की छत पर लेटे थे। लूटपाट होने की जानकारी उन्हें तब हुई जब बदमाश दरवाजे से बक्सा निकाल कर ले जा रहे थे। नवागत एसओ प्रमोद कुमार मिश्र ने इन वारदातों को महज चोरी की घटना बताया है। उनका कहना है कि घटना वाली रात पुलिस की जीप इसी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गांववालों ने शोर मचाया होता अथवा पुलिस को सूचना दी गई होती तो चोर पकड़े जा सकते थे। बालगोविंद ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इन वारदातों से ग्रामीणों में दहशत है।
--
इससे पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
ममरी। जियनपुर के रामचंद्र वर्मा ने बताया कि उनके घर में चोरी अथवा लूट की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चार बार ऐसी वारदात हो चुकी हैं। पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। उधर लीलालपुर के बालगोविंद का कहना है कि घटना वाली रात गांव के ही एक व्यक्ति ने यह कहकर मकान का दरवाजा खुलवाया था कि तुम्हारी भैंस खुल गई है। पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।