कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव भनवापुर में किशोर प्रेमी युगल के शव गांव के बाहर आम के बाग में पेड़ से लटकते मिले। दोनों के शव एक ही दुपट्टे के दोनों सिरों से लटके थे। दोनों सोमवार की शाम से लापता थे। लड़की के पिता ने महेवागंज चौकी में सूचना देकर किशोर पर किशोरी को भगा ले जाने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली सदर के ग्राम भनवापुर में केवट बिरादरी की 14 वर्षीय किशोरी घर से पशुओं का चारा लेने गई थी। वापस नहीं लौटी तो घर वालों ने तलाश किया। इस दौरान पता चला कि गांव की ही एक अन्य 16 वर्षीय किशोर भी गायब है। रात तक खोजबीन करने पर दोनों के बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिली। इस पर किशोरी के पिता ने मंगलवार की सुबह महेवागंज चौकी पर सूचना देते हुए किशोर पर उसे भगा ले जाने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस किशोर के पिता, मामा और एक अन्य को चौकी ले आई। पुलिस इन से दोनों को बरामद कराने के लिए चेता रही थी कि दोनों के शव गांव के आम के बाग में पेड़ पर लटके होने की सूचना आ गई। बाग गांव से करीब 400 मीटर दूर पक्के रास्ते और खेतों के पास है। पुलिस वहां पहुंची तो दोनों के शव एक ही दुपट्टे के दोनों सिरों पर बनाए गए फंदे में करीब 15 फीट ऊंचाई पर लटक रहे थे। दुपट्टे को लंबाई में बीच से फाड़कर बड़ा किया गया था।
पुलिस के अनुसार दोपहर लगभग एक बजे गांव के लोग गन्ना छीलने गए तो उन लोगों ने गांव से बाहर सियाराम के बाग में दोनों के शव एक ही दुपट्टे से लटकते हुए देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उनके दोनों के घरों पर मौजूद लोगों और फिर पुलिस को दी। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा बता रही है जबकि घरवाले प्रेम प्रसंग से अनभिज्ञता जता रहे हैं।
परिवार वाले दोनों के प्रेम प्रसंग की बात कह रहे हैं। फिलहाल पेड़ से लटकते मिले प्रेमी युगल के शवों को देखने पर प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है, हालांकि कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
- अखिलेश चौरसिया, एसपी