किशोरी का शव मिला, दोनों हाईस्कूल के विद्यार्थी थे
नदी के पास मिली स्कूटी, चप्पलें और चाकलेट के रैपर
शहर के डान बास्को कॉलेज में हाईस्कूल के छात्र और छात्रा के बीच पनपा प्रेम उन्हें मौत के आगोश में ले गया। दोनों बुधवार से लापता थे। गुरुवार को लोगों ने शारदा नदी के किनारे लावारिस स्कूटी देखी। वहीं दोनों की चप्पलें, चाकलेट के रैपर और अंग्रेजी में लिखे कुछ पत्र पड़े थे। पुलिस ने दोनों की तलाश में गोताखोरों की मदद ली। तीन घंटे की मशक्कत के बाद किशोरी का शव बरामद कर लिया गया। किशोर की तलाश की जा रही है। सूचना पाकर एसपी मनोज कुमार झा भी मौके पर पहुंचे।
शहर के एक व्यापारी की 16 वर्षीय पुत्री डान बास्को कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी। जबकि खीरी टाउन के एक मोहल्ले के शिक्षक का 17 वर्षीय पुत्र भी डान बास्को में कक्षा 10 का छात्र था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने बोर्ड की परीक्षाएं छोड़कर साथ जीने-मरने का फैसला कर लिया। दोनों बुधवार को अपने घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिवार वालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन शारदा नगर क्षेत्र में ट्रेस की, जिसके बाद खोजबीन में स्कूटी नहर के किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली। पास में ही चाकलेट के रैपर और अंग्रेजी में लिखे कुछ पत्र मिले, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश कराई। छात्रा का शव रवही पुल से पहले बरामद कर लिया गया, लेकिन छात्र का पता नहीं चला। इस दौरान दोनों छात्र-छात्राओं के परिवार वाले भी मौके पर मौजूद रहे। चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। छात्र की तलाश में गोताखोर लगे हुए हैं। अंधेरा होने की वजह से दिक्कत आ रही है। शुक्रवार को फिर से तलाश तेज की जाएगी।