थाना संपूर्णानगर क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुरी में भूमि के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। पहले तो जमकर लाठी-डंडे चले, फिर फायरिंग भी हुई। इसमें एक पक्ष के मुखिया की मौत हो गई और दोनों पक्ष के छह से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसपी अखिलेश चौरसिया भी गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जाएगा।
इब्राहिमपुरी निवासी रामसकल के 55 वर्षीय पुत्र विजई और रामप्यारी के पुत्र बबलू का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी जमीन पर बोई गई फसल को बृहस्पतिवार की सुबह विजई और उसके परिवार के लोग मजदूर लगाकर कटवा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग वहां पहुंच गए और विवाद हो गया है। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने वहां पड़ी झोपड़ी नष्ट कर दी। इसके बाद स्थिति तेजी से बिगड़ी और फिर विवाद बढ़ता चला गया । पहले जमकर लाठी-डंडे चले और फिर फायरिंग भी हुई। घटना में विजई की मौत हो गई जबकि उनके पुत्र मुकेश, भीमसिंह और पत्नी रीता सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए। उधर दूसरे पक्ष से बबलू, उसका भाई राधेश्याम और मां किशोरी को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी घायलों को एंबुलेंस से पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने बताया है कि रीता के पैर में गोली लगने का निशान है और उसकी हालत गंभीर है। उसके साथ ही अन्य घायलों को भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक के सिर में गोली लगी है हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम गोला विनोद गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे और जानकारी हासिल की। उधर एसपी अखिलेश चौरसिया, प्रभारी डीएम/सीडीओ नितीश कुमार, सीओ रामआसरे सिंह, कोतवाल केपी सिंह भी दलबल के साथ ग्राम इब्राहिमपुरी पहुंचे। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।