बाढ़ प्रभावित गांव नया पुरवा गांव में शनिवार सुबह शौच को जाते समय पैर फिसल जाने से शारदा नदी में गिरी 18 वर्षीय लड़की का दूसरे दिन भी पता नहीं चला। फ्लड स्कवॉड टीम उसकी स्टीमर से दूसरे दिन भी तलाश करती रही।
गौरतलब है कि रामाधीन की 18 वर्षीय पुत्री डोल्डी शनिवार सुबह शौच को जा रही थी। तभी गांव के पास में ही पैर फिसल जाने से शारदा नदी में गिर गई। किशोरी के नदी में गिरते कुछ लोगों ने देखा और शोर मचाकर उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। ग्रामीणों और देर शाम गांव पहुंची फ्लड स्कवॉड टीम के लोगों ने देर रात तक और दूसरे दिन रविवार को स्टीमर से उसकी नदी में तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। किशोरी के न मिलने से उसके भाई बहनों और माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है। मौके पर लेखपाल शशि तोमर, प्रधानपति अवधेश गुप्ता और चौकी इंचार्ज रिषीदेव दलबल के साथ डटे रहे।