पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट, पाक्सो एक्ट भी लगा
पीड़िता और आरोपी के कपड़े पुलिस ने कब्जे में लिए
बकरी चराने गई सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 12 वर्षीय बालिका को गांव का ही एक 18 वर्षीय युवक गन्ने के खेत में खींच ले गया और उसके साथ दुराचार किया। पुलिस ने दुराचार और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपी और पीड़िता के कपड़ों को कब्जे में ले लिया, जिन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजकर जांच करायी जाएगी।
पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री गांव के बाहर बकरी चरा रही थी। दोपहर करीब दो बजे गांव के ही 18 वर्षीय रोहित पासी ने उसकी पुत्री को दबोच लिया और गन्ने के खेत में ले जाकर दुराचार किया। घटना किसी से बताने पर जान से मार देने की धमकी दी और भाग निकला। आरोपी के चंगुल से छूटी बालिका घर पहुंची और अपनी मां से घटना बताई। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि पीड़िता के पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ रेप और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच एसएसआई प्रदीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विवेचक एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता का जिला महिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। डॉक्टरों ने स्लाइड बनाई है। आरोपी और किशोरी के कपड़ों को कब्जे में लिया गया है। कपड़ों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। स्लाइड की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही रेप के बावत कुछ कहा जा सकता है।