मोहम्मदी के गांव चंदनपुर में हुई घटना
दो युवकों ने पकड़कर कनपटी में मारी गोली
पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव चंदनापुर में नौटंकी के दौरान गाने की फरमाइश को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने गांव के ही एक युवक को गोली मार दी। अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। मृतक के परिवार वालों की तहरीर पर दो युवकों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी युवक एक ही खानदान के हैं।
चौकी क्षेत्र के गांव चंदनापुर में गुरुवार को महेश पाल के पुत्र का मुंडन संस्कार था। इसमें नौटंकी का भी कार्यक्रम था। गांव के परमेश्वरदीन का 25 वर्षीय बेटा कौशल किशोर भी नौटंकी देखने गया था। मृतक के भाई अवधेश ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे करीब गाने की फरमाइश को लेकर गांव के ही दो युवकों प्रकाश सिंह और शेर सिंह से कौशल का विवाद हो गया। प्रकाश और शेर सिंह रिश्ते में भाई हैं। इनमें से एक ने कौशल को पकड़ लिया और दूसरे ने उसे कनपटी पर गोली मारदी। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। लोग आननफानन में उसे अस्पताल लेकर भागे लेकिन कौशल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक के पिता परमेश्वरदीन ने बताया कि वह रात में गेहूं की कटाई कर रहा था। फायरिंग की आवाज सुनकर आया तो मालूम हुआ कि उसके ही बेटे को गोली लगी है। कौशल किशोर की शादी छह वर्ष पूर्व मितौली के गांव ढाका में हुई थी। उसकी डेढ़ साल की एक बच्ची भी है। पुलिस ने प्रकाश सिंह और शेर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। तनाव देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
कौशल की मौत से गांव में मातम
अमीरनगर। गुरुवार को गांव में खुशी का माहौल था लेकिन गोली लगने से कौशल किशोर की मौत के बाद से गांव में सन्नाटा फैल गया है। हर कोई कह रहा था कि कौशल बहुत मिलनसार व्यक्ति था। वहीं जवान बेटे की अचानक मौत से बूढ़े पिता का हाल बेहाल हो गया है। पत्नी बेसुध है और डेढ़ साल की मासूम बिटिया मोनी अपने पापा को खोज रही थी।