क्षेत्र के एक गांव में शादी न होने से खफा होकर कीटनाशक पीकर जान देने वाले प्रेमी युगल के शव जब गांव पहुंचे तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों की चिताएं एक साथ सजाई गईं और दोनों को एक साथ आग लगाई गई। प्रेमी युगल की मौत से गांव में दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा।
शादी न होने से नाराज क्षेत्र के एक गांव में रविवार की सुबह करीब पांच बजे प्रेमी युगल ने कीटनाशक दवा पी ली थी, जिससे युवती की उसके घर पर मौत हो गई थी, जबकि युवक को सीएचसी में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात दोनों के शव गांव लाए गए। गांव में शव पहुंचते ही पूरा गांव शोक में डूब गया। शवों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। हर तरफ उनके प्रेम की चर्चा थी। प्रेमी युगल की मौत से दोनों के परिवार के लोग दुखी थे। परिवार के लोगों ने दोनों की चिताएं एक साथ सजाई और दोनों परिवार के लोगों ने चिताओं में आग लगाकर अंत्येष्टि कर दी।