पसगवां थाना क्षेत्र के गांव भौनापुर में दो मासूम बेटियों की जहर देकर हत्या कर पिता के फांसी पर झूलकर खुदकुशी करने के मामले में सोमवार को गमगीन माहौल में तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वृद्ध बाबूराम ने कांपते हाथों से अपने बेटे बूटा सिंह के शव को मुखाग्नि दी। वहीं दो मासूम बेटियों का दफनाकर अंतिम संस्कार किया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान बूटा सिंह की पत्नी रिंकी अपनी बेटियों के शवों को देखने तक नहीं पहुंची।
भौनापुर निवासी बूटा सिंह ने शनिवार की रात अपनी ढाई वर्षीय बेटी अंशिका और तीन माह की छोटी बिटिया को जहर पिलाकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार वालों को घटना की जानकारी रविवार की सुबह हुई थी। जबकि बूटा सिंह की पत्नी रिंकी एक दिन पहले ही बच्चों और पति को छोड़कर मायके चली गई थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद देरशाम तीनों शव गांव पहुंचे। सोमवार को दोनों मासूम बेटियों के शवों को दफना दिया गया। जबकि बूटा सिंह के शव को उसके पिता बाबूराम ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार कर दिया।