तांत्रिक की हत्या कर धान के खेत में फेंका शव
- फोटो : तांत्रिक की हत्या कर धान के खेत में फेंका शव
गांव चंदन पुरवा निवासी एक तांत्रिक का शव धान के खेत से बरामद हुआ है। तीन दिन से लापता एक तांत्रिक का शव धान के खेत में पड़ा मिला। उसका चेहरा इस कदर झुलसा हुआ था कि पहचानना मुश्किल था। वह रविवार की सुबह 10 बजे से गायब था। घर वालों ने दो व्यक्तियों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव चंदन पुरवा निवासी मीना देवी ने बताया कि उनके पति 45 वर्षीय धनीराम रविवार की सुबह 10 बजे घास लेने गांव के दक्षिण तरफ गए थे। उसके बाद वह नहीं लौटा। परिवार वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार दोपहर किसी ने बिरजू के खेत में शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले शव देखकर आश्चर्य चकित रह गए। मीना देवी ने बताया कि धनीराम का शव बुरी तरह से झुलसा हुआ था। चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। उसके र्दाइं तरफ पेट पर फफोले पड़े थे और कपड़े भी फटे थे। पड़ोस में तुलसीराम के खेत में घास छीली हुई पड़ी थी। पल्ली, चप्पल और हंसिया शव के पास पडे़ थे। गांव के एक व्यक्ति का बच्चा बीमार था। उसे शक था कि धनीराम ने तंत्र विद्या के माध्यम से उसे बीमार कर दिया है। इसी के चलते उन लोगों ने घर में घुुसकर पति को मारा पीटा था और जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोप है कि हत्यारों ने पहले पति की हत्या की। उसके बाद तेजाब डालकर उसकी पहचान मिटाने का प्रयास किया। मृतक के पिता गंगराम पुत्री पप्पी, रुबी, पम्मी, रोली, छोटी और पुत्र सुमित का रो रोकर बुरा हाल था।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सविरत्न गौतम, सीओ