शारदा नहर में कटान पीड़ित युवक ने लगाई छलांग
- फोटो : शारदा नहर में कटान पीड़ित युवक ने लगाई छलांग
नहर पटरी पर बसे कटान पीड़ित एक युवक ने सोमवार की आधी रात को शारदा नहर में छलांग लगा दी, जिससे वह तेज धार में बह गया। चर्चा है कि युवक घरेलू कलह के चलते नहर में कूदा है, लेकिन घर वालों का कहना है कि शौच करते समय पैर फिसल जाने के कारण वह नहर में डूब गया। घर वालों की सूचना पर पहुंची धौरहरा पुलिस ने गोताखोर नहर में उतारकर उसकी तलाश कराई पर उसका कोई पता नहीं चला।
थाना धौरहरा के गंगोलिया गांव निवासी कटान पीड़ित 30 वर्षीय सुरेश करीब दस वर्षों से शारदा नहर के किनारे झोपड़ी बना कर रहता था। उसके गांव के भी कई लोग आसपास रहते हैं। साल भर पहले सड़क हादसे में सुरेश के पैर की हड्डी टूट गई थी। इलाज के अभाव में उसका पैर सही नही हो पाया था, जिससे वह कोई काम नही कर पा रहा था। वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसको लेकर घरेलू कलह रहती थी। बताते हैं कि सोमवार की देर शाम भी घर में विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर रात करीब बारह बजे सुरेश ने घर के सामने शारदा नहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर परिवार के लोग जाग गए। पानी का बहाव तेज और अंधेरा होने के कारण किसी की भी हिम्मत नहर में उतरने की नही हुई। डूबे युवक के पिता परमेश्वर ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पुत्र सुरेश रात मे शौच को गया था, पैर फिसलने के कारण नहर मे डूब गया। सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और गोताखोरों को उतारकर उसकी तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसएसआई दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।