ट्रक चालक हिमाचल प्रदेश का निवासी, टैंकर चालक भी जख्मी
पलिया भीरा रोड पर एक टैंकर और ट्रक की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई और इसमें ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई है जबकि टैंकर का चालक बुरी तरह जख्मी हुआ है। मृतक ट्रक चालक हिमाचल प्रदेश का निवासी था।
हिमाचल प्रदेश निवासी 50 वर्षीय किशन शुक्रवार को सुबह एक खाली ट्रक लेकर बरेली से माल लाने के लिए यहां से निकाला था। जब वह पलिया-भीरा रोड पर प्रेमनगर के पास पहुंचा तो उसके ट्रक की सामने से आ रहे एक टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगने से ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहीं वह पलट गया। जिसमें ट्रक चालक किशन की मौत हो गई। जबकि टैंकर चालक साबिर पुत्र शौकत निवासी ग्राम किरणा जिला मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि हादसा एक वाहन के चालक की आंख लग जाने से हुआ है। जानकारी मिली तो डायल-100 वहां पहुंच गई और टीम के प्रदीप कुमार, सुधीर कुमार, रविंद्र नाथ सिंह, राम औतार आदि ने जख्मी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। ट्रांसपोर्टर कंपनी के लोगों के पहुंचने के बाद चालक के शव को ट्रक से बामुश्किल बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के घर वालों को भी सूचना दे दी गई है।