शहर में विभिन्न प्वाइंटों पर तैनात हुए जवान
जिले में बेपटरी हो रही कानून व्यवस्था और बवाल को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अफसर अलर्ट हो गए हैं। किसी तरह के बवाल से निपटने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), पीएसी के साथ भारी पुलिस फोर्स ने जिले में डेरा डाल दिया है। शहर के प्रमुख स्थानों पर फोर्स को तैनात किया गया है।
शहर में दो मार्च को एक वीडियो वायरल होने के बाद तनाव व्याप्त हो गया था। अगले दिन आरोपियों को चोरी-छुपे जेल भेजने से नाराज लोगों ने बवाल कर दिया था। इस दौरान आगजनी-तोडफ़ोड़ की भी घटना हुई थी। हालात काफी बदतर होने पर प्रशासन को शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। इस बवाल की आंच समाप्त नहीं हो पाई थी कि तीन दिन पहले शहर से सटे एक गांव में फिर बवाल होते-होते बचा था। इस घटना के दो दिन भी नहीं बीत पाए कि पशुओं की मौत को लेकर पलिया कलां में बवाल हो गया। प्रशासन ने बवाल होने की आशंका और हर स्थिति से निपटने के लिए मेरठ से दो प्लाटून आरएएफ, लखनऊ, सीतापुर से पीएसी और हरदोई से बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को बुला लिया गया है।
हर स्थिति से निपटने को प्रशासन तैयार
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एहतियातन तौर पर पर्याप्त संख्या में बाहरी जिलों से आए फोर्स ने जिले में आमद दर्ज करा ली है। पुुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने बताया कि पलिया कलां में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।