गुलरिया स्थित बैंक से रुपये लेकर जा रही एक महिला से नकाबपोश बाइक सवार बदमाश 20 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान में जुटी है।
भीरा थाना क्षेत्र के मुड़िया हेमसिंह निवासी ओमप्रकाश तिवारी की पत्नी पुष्पा तिवारी बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकालने आईं थी। वह बैंक से एक थैली में रुपये रखकर पैदल गांव की ओर चल पड़ीं। दिन में करीब 11 बजे वह रुपये लेकर गांव जा रही थी, तभी चीनी मिल के बाद करबला के पास पीछे से दो बाइकों पर आए पांच बदमाशों ने पुष्पा तिवारी को रोक कर उनके हाथ से थैली को छीन लिया, बदमाश जाते जाते उनकी थैली फेंक गए। पुष्पा ने फोन से सूचना अपने पति को दी। मौके पर पहुंचे परिवार वालों के साथ महिला ने बैंक ड्यूटी पर मौजूद सिपाहियों को सूचना दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अब मामले की छानबीन कर रही है।