लाला राम किशोर ज्वैलर्स की दुकान का दरवाजा तोड़कर चोर तीन किलो चांदी समेत लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
कसबा निवासी राम जी रस्तोगी ने बताया कि उनकी मेन बाजार में लाला राम किशोर ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार की रात पीछे से दीवार कूद कर चोर आ गए और दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। दुकान स्वामी ने बताया कि चोर दुकान से तीन किलो चांदी, दस चांदी के सिक्के, सोने की झुमकी दो जोड़ी, सोने का मरम्मत के लिए रखे जेवरात चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब वह दुकान खोलने पहुंचे। दुकान में चोरी होने की सूचना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों की भीड़ मौके पर जुट गई। दुकान स्वामी की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कुंडी तोड़कर हजारों का सामान उड़ाया
उचौलिया। कसबा निवासी मनोज उर्फ शाकू ने बताया कि वह होटल पर काम करता है। सोमवार की रात वह पास में ही स्थित अपने मामा रामलोटन के घर रुक गया। उसके घर पर ताला पड़ा था। सोमवार की रात चोरों ने कमरे की कुंडी तोड़ दी और बक्से का ताला तोड़कर चार हजार रुपये, पांच किलोग्राम का गैस सिलेंडर, कपड़े आदि चोरी कर ले गए। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।