दीपनगर में तैनात दो एसएसबी के जवानों की तस्करों और नेपाल के ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। किसी तरह से जान बचाकर भागे जवान एसएसबी चौकी पहुंचे। वहां से घटना की सूचना भजनी पुलिस को दी गई। भजनी पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस पर नेपालियों ने भजनी थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। मजबूरी में नेपाली पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया।
दीपनगर एसएसबी चौकी पर तैनात कमलेश कुमार और विनोद कुमार गश्त करते हुए पिलर नंबर 115 पर पहुंचे। वहां पर दो व्यक्ति करीब 50 लीटर डीजल मोहाना नदी पार करके नेपाल लेकर जा रहे थे। दोनों जवानों ने डीजल लेकर जा रहे दोनों लोगों को रोककर पूछताछ की और उन्हें एसएसबी चौकी की तरफ लेकर चल दिए। इसी बीच एक तस्कर किसी तरह से एसएसबी के चंगुल से भाग गया और उसने नेपाल में स्थित पड़ोस के गांव पगया प्रसाद और दुधवा ताल के कुछ लोगों को बुला लिया। आरोप है कि उन लोगों ने दोनों जवानों की पिटाई कर दी। दोनों जवान किसी तरह से भागकर दीपनगर चौकी पहुंचे। वहां से घटना की सूचना नेपाल की भजनी पुलिस को दी। भजनी पुलिस ने भजनी के ही गोपी रुकइया समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने की सूचना मिलते ही भजनी के व्यापारियों ने विरोध करते हुए थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिस पर आरोपियों को पुलिस ने छोड़ दिया।
एसएसबी के जवान विनोद और कमलेश दोनों जवानों से नेपाल के तस्करों ने हाथापाई की थी। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों और नेपाल के एसपी को दी गई है।
-प्रकाश गौतम, प्रभारी, एसएसबी चौकी-डांगा