सदर ब्लाक में तीसरे चरण के नामांकन के आखिरी दिन गेट पर तैनात सिपाहियों ने मामूली विवाद के बाद एक सफाई कर्मी की पिटाई कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में मामला तूल पकड़ गया। खबर मिलते ही ब्लाक पर जुटे सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिस पर एसडीएम सदर आलोक वर्मा, डीपीआरओ, बीडीओ समेत कोतवाल नेमचंद गंगवार मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर सफाई कर्मियों को शांत कराया। बाद में तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
मोहल्ला निर्मलनगर निवासी सफाई कर्मचारी विवेक चौरसिया राजस्व ग्राम बनवारीपुर में तैनात है। मंगलवार को वह चुनाव में ड्यूटी का आदेश प्राप्त करने के लिए ब्लाक आया था। गेट पर तैैनात सिपाही ने उसे अंदर जाने से रोका, जिस पर सफाई कर्मी ने अपना परिचय दिया और ब्लाक के अधिकारियों से तस्दीक कराने की हामी भरी। आरोप है कि इसके बाद सिपाही भड़क गए और उसकी पिटाई कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर आरोपी सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करते हुए तहरीर दी हैै। जिला मंत्री सुभाष चंद्र गौतम ने कहा है कि रिपोर्ट दर्ज न होने पर संगठन बुधवार से कार्य बहिष्कार करेगा और सभी काम रोक दिए जाएंगे।
शहर कोतवाल नेमचंद गंगवार ने बताया कि ब्लाक गेट पर सिंगाही थाने के सिपाही नवनीत सिंह, विकास बाबू और संजय राज तैनात थे, जिन्हें उच्चाधिकारी के आदेश पर लाइन हाजिर कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिली है, जिस पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई जाएगी।