कस्बा मझगई में बस ने बाइक को मारी टक्कर, बाकेगंज में बाइक से हुआ हादसा
बिना हेलमेट चला रहे थे बाइक
थाना पलिया के कस्बा मझगई में बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक समेत दो लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर उसे डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर बाकेगंज में बाइक की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। बता दें दोनों बाइक चालक और पीछे बैठे युवक बिना हेलमेट के थे। वहीं लखीमपुर रोड पर खम्हौल मोड़ के पास मैजिक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। तो हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी एक महिला हादसे में घायल हो गई।
मझगईं। गांव बल्लीपुर निवासी रूपम कोरी का 32 वर्षीय पुत्र सेवकराम और भज्जा कहार का 30 वर्षीय पुत्र सेवकराम दोनों बाइक से नौगवां किसी काम से गए थे। दोनों हेलमेट भी नहीं लगाए थे। दोनों नौगवां में पेट्रोल भरवाकर वापस घर आ रहे थे। इस दौरान निघासन की तरफ से आ रही प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस मौके पर छोड़कर फरार हो गया। 108 एंबुलेंस से दोनों को पलिया सीएचसी में पहुंचाया। यहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने भज्जा कहार के पुत्र सेवकराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने बस कब्जे में ली है।
बाकेगंज। घटना मंगलवार सवेरे लगभग दस बजे की है। पहाड़नगर निवासी 24 वर्षीय अनिल सिंचाई करने खेत जा रहा था। इस दौरान गजाधरपुर की तरफ से आ रहे बिना हेलमेट के तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने पीछे से अनिल को टक्कर मार दी, जिससे अनिल घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे बाकेगंज सीएचसी में भर्ती कराया है।
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड पर खम्हौल मोड़ के पास मैजिक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। उसे गंभीरावस्था में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। थाना मैलानी के प्रतापपुर निवासी 25 वर्षीय उमेश भल्लिया से घर जा रहा था, खम्होल मोड़ के पास उसकी बाइक सामने से आ रही एक मैजिक से टकरा गई। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। उसे गंभीरावस्था में सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी विजयपाल की पत्नी 40 वर्षीया लक्ष्मी सड़क हादसे में घायल हो गई। उन्हें सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।