भाई ने बहन को भी किया लहूलुहान, सीएचसी में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार
बहराइच में सुजौली थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार सुबह भाई ने विवाहित बहन के प्रेमी को भरी पंचायत में हंसिये से वार कर मार डाला। इस दौरान आरोपी ने बहन को भी जख्मी कर दिया, उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विवाहिता का अरसे से लखीमपुर खीरी में निघासन के बोझिया गांव निवासी युवक पिंटू (25) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाह के बाद भी यह संबंध जारी रहा। मायके पहुंचने पर वह अक्सर प्रेमी को बुला लेती थी। इस पर उसका अपने भाई से विवाद भी हुआ। सावन में विवाहिता मायके पहुंची तो कई बार प्रेमी मिलने घर आया। बुधवार शाम को विवाहिता ने प्रेमी पिंटू को घर बुलाया तो वह गुरुवार भोर करीब पांच बजे गांव पहुंचा।
पिंटू के गांव में पहुंचते ही भाई के समर्थकों ने उसे दबोचकर ग्राम प्रधान के घर पहुंचाया। प्रधान का पुत्र बाहर निकला तो लोगों ने पंचायत की बात कही। पंचायत में पिंटू के मौजूद होने की सूचना पाकर उसकी प्रेमिका भी आ गई। इसी बीच प्रेमिका के भाई ने भरी पंचायत में पिंटू के गले पर हंसिये से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पिंटू ने बहन पर भी हंसिये से पीठ पर वार किया, लेकिन किसी तरह उसने भागकर जान बचाई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सुनील को दबोचा। बहराइच के सुजौली थाने के एसओ परवेज अशरफ ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल बहन को मोतीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
आरोपी भाई बोला, हमारे लिए है दिवाली
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बहन की प्रेमिका के हत्या आरोपी भाई सुनील ने अपने बयान में कहा है कि उसके लिए आज का दिन दिवाली से बढ़कर है। लेकिन बहन बच गई, इसका दुख है। भाई ने कहा कि बहन के चलते जलालत की जिंदगी झेलनी पड़ रही थी।
भाभी की बहन है प्रेमिका
निघासन (खीरी)। जिस युवती से प्रेम प्रसंग में पिंटू की हत्या हुई, वह इस युवक की भाभी की बहन है। दोनों के बीच चार साल से प्रेम संबंध थे।
बहराइच के थाना सुजौली के एसओ अफसर परवेज के अनुसार पिंटू के भाई से बड़ी बहन की शादी चार साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही भाभी की छोटी बहन से पिंटू का प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। छोटी बहन की भी शादी हो गई और उसका एक पुत्र भी है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात दोनों बहनों के घरवालों को पसंद नहीं थी। बोझिया गांव में चर्चा है कि मंगलवार को फोन पर संपर्क होने के बाद पिंटू भाभी की बहन के ससुराल पहुंचा और उसे भगा ले गया। यह बात महिला के मायके के गांव में फैली तो दोनों को तलाश कर पकड़ लिया गया। दोनों को युवती के मायके के गांव में प्रधान के घर लाया गया। प्रधान प्रतिनिधि विनोद वर्मा के घर के सामने पंचायत बैठी और विवाहिता के भाई ने वहीं हंसिया से पिंटू की जान ले ली। हत्या की घटना से बोझिया में सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर हत्या की खबर सुनते ही परिवार के लोग बहराइच के लिए रवाना हो गए। ब्यूरो