धौरहरा के खैरापुरवा का निवासी था युवक
रविवार को मितौली के लक्ष्मननगर स्थित ससुराल गया था
हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप
शारदा बैराज के गेट नंबर नौ के पास नदी में उतराता एक युवक का शव मिला है, जिसकी पहचान धौरहरा के खैरापुरवा गांव निवासी राजन मल्लाह के तौर पर हुई है। ग्रामीणों ने शव को देखकर सूचना पहले मृतक के परिवार वालों को दी, जिसके बाद सूचना पाकर धौरहरा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार वालों ने मृतक के ससुराली जनों पर हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।
धौरहरा के खैरापुरवा निवासी 30 वर्षीय राजन मल्लाह की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व मितौली क्षेत्र के गांव लक्ष्मननगर निवासी मालती से हुई थी। रविवार को करीब तीन बजे राजन अपनी ससुराल जाने के लिए निकला था। इसके बाद मंगलवार को उसका शव शारदा नदी में उतराता मिला। मृतक की मां धुरपति ने बताया कि रविवार की शाम करीब आठ बजे आखिरी बार राजन से बात हुई थी, तब उसने अपनी ससुराल पहुंचने की जानकारी दी थी। इसके बाद उससे बात नहीं हो सकी। मृतक की मां के मुताबिक राजन का पत्नी से अनबन चल रही थी, जिससे करीब एक साल से मालती अपने मायके में एक बच्चे के साथ रह रही थी। इस दौरान राजन ने पत्नी को विदा कराने का कई बार प्रयास भी किया था, लेकिन उसकी पत्नी नहीं आई थी। रविवार को फिर राजन अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने गया था। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव नदी में फेक दिया।
धौरहरा कोतवाली प्रभारी अमर सिंह के अनुसार मृतक के परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।