दोनों आरोपियों को साथ ले गई बंडा पुलिस
व्यापारियों के दबाव में सराफ को छोड़ा
शाहजहांपुर जिले के बंडा थाने की पुलिस ने कोतवाली के गांव जहानपुर निवासी संतोष कुमार के घर छापा मारा और गृहस्वामी और उसके साथी को दबोच लिया। पुलिस ने दोनों को साथ लेकर मोहम्मदी रोड स्थित एक सराफ की दुकान पर छापा मारा। छापे के दौरान चोरी की खरीदी गई चांदी बरामद हुई। सूचना पर पहुंचे व्यापारियों के हंगामा करने पर पुलिस सराफ को छोड़कर बरामद माल और दोनों आरोपियों को साथ लेकर बंडा लौट गई।
शाहजहांपुर जिले के थाना बंडा क्षेत्र में कई दिन पहले चोरी हुई थी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने चोरी किए गए जेवर गोला में बेचने की जानकारी दी थी। इस पर पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर सोमवार की तड़के जहानपुर गांव निवासी संतोष कुमार के घर पर छापा मारा। संतोष की पत्नी कौशल्या की माने तो पुलिस उनके घर का दरवाजा खुलवाकर घर में घुस आई और सारा सामान तहस-नहस कर दिया। घर में गुड़ के कारोबार के रखे 40,000 हजार रुपये, सोने की झुमकी, सोने की नौ पेंडिल की माला पुलिस ने चोरी की होने की बात कहकर कब्जे में ले ली और उसके पति और साझेदार ऊंची भूड़ निवासी मोहम्मद नबी को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों को लेकर मोहम्मदी रोड स्थित एक सराफ की दुकान पर पहुंची और वहां तलाशी ली तो इस दौरान चोरी जेवर बरामद हुए। सराफ ने पुलिस को बताया कि उसने बरामद जेवर संतोष कुमार से खरीदे थे, चूंकि संतोष उनका पुराना ग्राहक था। इधर सराफ की दुकान पर छापा पड़ने की सूचना पर कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए और सराफ को हिरासत में लेने पर कड़ी नाराजगी जताई। व्यापारियों के कड़े रुख पर पुलिस ने सराफा व्यापारी को छोड़ दिया और बरामद चांदी और अन्य दोनों आरोपियों को लेकर बंडा लौट गई।
स्थानीय पुलिस के बिना बंडा पुलिस ने की कार्रवाई
गोला गोकर्णनाथ। बंडा पुलिस ने कोतवाली पुलिस को सूचना दिए बगैर जहानपुर के एक घर और मोहम्मदी रोड पर सराफ की दुकान पर छापामार कार्रवाई की। एसएसआई सत्यप्रकाश यादव ने बताया कि बंडा पुलिस ने छापा मारने के बारे में स्थानीय पुलिस को कोई सूचना नहीं दी, न ही कोतवाली पुलिस को साथ में लिया।