बुधवार की रात करीब नौ बजे भीरा रोड पर जंगल में गन्ने से लदे एक ट्रक ने सामने से आ रहे खाली ट्रक में टक्कर मार दी। इससे उसमें सवार चालक समेत सात लोग जख्मी हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है। सूचना पाकर पुलिस ने आनन-फानन में सभी घायलों का एक निजी चिकित्सक के यहां प्राथमिक उपचार कराने के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा।
नगर के मोहल्ला गौतमनगर निवासी लियाकत अली का ट्रक ईंट उतारकर संपूर्णानगर से मैलानी वापस आ रहा था। इसी बीच मैलानी-भीरा के बीच जंगल में वन निगम डिपो के पास भीरा की ओर आ रहे गन्ना भरे एक ट्रक ने उसमें सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि लियाकत के ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक मुसव्वर अली, सुनील, लालाराम, शंकर, अजय कुमार सभी निवासी मोहल्ला गौतमनगर, मैलानी, राशिद और यूनुस निवासी शाही, बरेली जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद गन्ना भरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसओ मैलानी रामअवतार यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराकर उनका प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद सीएचससी बांकेगंज से आई समाजवादी एंबुलेंस से गंभीर लालाराम, सुनील, राशिद और यूनुस को जिला चिकित्सालय भिजवाया। बाकी का इलाज उनके परिवार वालों ने यहीं करवाना शुरू कर दिया है। घटना थाना भीरा क्षेत्र की होने की वजह से गन्ने के ट्रक को थाना भीरा पुलिस ले गई। इस संबंध में पुलिस को तहरीर देदी गई है।
सड़क से एकदम नीचे उतार लिया था ट्रक
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के क्लीनर बरकत अली के मुताबिक गन्ने से भरा ट्रक उसके ट्रक की तरफ आया, तो चालक ने आनन-फानन अपना ट्रक सड़क से नीचे उतार लिया, बावजूद इसके गन्ने से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। ऐसा लग रहा था कि गन्ना भरे ट्रक का चालक नशे में था। जिस कारण उससे उसका ट्रक अनियंत्रित हो गया।
मौत को बहुत करीब से देखा: बरकत
हादसे में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में सवार लोगों में बस क्लीनर बरकत को ही मामूली चोटें आई हैं। जबकि बाकी सभी सवार बुरी तरह जख्मी हुए हैं। बरकत ने बताया कि उसने मौत को बहुत करीब से देखा।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का बैट्रा चोरी
मैलानी। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के क्लीनर ने बताया कि सुबह उसके ट्रक का बैट्रा और टूल बॉक्स में रखा अन्य सामान गायब मिला।