क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में सात लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर डॉक्टर ने तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया है।
मझगईं पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव छब्बापुरवा निवासी रेहान बाइक से दुबहा आ रहा था। इसी चौकी क्षेत्र के गांव बिहारीपुरवा निवासी राहुल, कस्बा निवासी हरिशंकर तथा बल्लीपुर निवासी सूरज बल्लीपुर जा रहे थे। बम्हनपुर स्थित मैरिज हाल के पास दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। जिससे दोनों बाइक पर सवार सभी चार लोग घायल हो गए। दूसरा हादसा टांडा पुलिया के पास हुआ। गोबिंदपुर निवासी कुलवंत सिंह साइकिल से अपने घर जा रहे थे। सामने से दुबहा निवासी हसीब 12 वर्षीय राशिद के साथ बाइक से कस्बे की ओर आ रहा था। टांडा पुलिया के पास बाइक और साइकिल में टक्कर हो गई। जिससे दोनों घायल हो गए। सभी घायलों के सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने रेहान, राहुल और कुलवंत को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।