भगवंत नगर गुलरा में संदिग्ध हालात में लगी आग में सात घर जलकर राख हो गए। इस अग्रिकांड में 30 हजार की नकदी समेत लाखों रुपये का संपत्ति जलकर राख हो गई। इसमें एक पड़िया झुलस गई और एक बच्ची बाल-बाल बच गई। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार को भगवंतनगर गुलरा निवासी रामू और चंद्रिका के घरों के बीच में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर सात घरों को जलाकर राखकर दिया। इसमें सुधारा देवी की तीन हजार की नकदी, रामू के 16 हजार रुपये, चंद्रिका के 12 हजार रुपये, बाबू, बारीलाल, बराती आदि की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इसमें एक पड़िया भी झुलस गई और रामू की चार वर्षीय पुत्री सोनम बाल-बाल बच गई। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। ग्राम प्रधानपति राधेश्याम मौके पर पहुंचे और लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया।