फूलबेहड़, मैगलगंज और सीतापुर में हुए हादसे
जिले के फूलबेहड़ और मैगलगंज क्षेत्र में हुए हादसों में दो और सीतापुर में हुई मार्ग दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव अंजना निवासी 60 वर्षीय बृजलाल गुरुवार की रात करीब 10 बजे सैदापुर गांव से सामान लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। तभी हजरतपुर-सांडा मार्ग पर रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वालों ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रास्ते में बृजलाल ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वाले शुक्रवार को शव गांव ले गए।
ईसानगर। थाना क्षेत्र के गांव भैसहिया में केले की खेती करने वाले 28 वर्षीय आशाराम यादव गुरुवार की रात को अपने साथी सोनेलाल लोध के साथ केला बेचने लखनऊ मंडी जा रहे थे। सीतापुर जिले के सिंधौली पहुंचने से पहले अचानक अनियंत्रित होकर पिकअप खड़े ट्रक में जा घुसी, जिसमें आशाराम यादव की मौके पर मौत हो गई। जबकि सोनेलाल और चालक हरिकिशुन घायल हो गए, उन्हे गंभीर अवस्था में सीतापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। सिंधौली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है।
मैगलगंज। नेशनल हाइवे के सीतापुर मार्ग पर जनता ब्रिक फील्ड के पास गुरुवार की शाम को टेंपो पलट गया, जिसके नीचे दबकर 40 वर्षीय कल्लू निवासी गांव नादन थाना पिसावां जिला सीतापुर घायल हो गया। वह पैदल ही गांव लौट रहा था। पुलिस ने परिवार वालों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान घायल कल्लू ने दम तोड़ दिया।