गोला क्षेत्र के गांव मुर्तिहा में तापने के लिए आग जलाते समय झुलसने से गंभीर युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं घर में पकौड़ी बनाते समय कढ़ाई का तेल गिरने से एक किशोरी झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुर्तिहा गांव निवासी बंशीधर ने बताया कि उनका पुत्र प्रेमचंद (30) तापने के लिए लकड़ी एकत्रित कर उस पर मिट्टी का तेल डालकर जला रहा था। जैसे ही उसने माचिस लगाई तभी आग भभक उठी। इस दौरान प्रेमचंद का सीना और सिर बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में उसे परिवारीजन जिला अस्पताल लेकर आए। जहां कुछ देर तक उसका इलाज किया गया लेकिन बाद में उसने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं निघासन क्षेत्र के डंडूरी गांव निवासी रामनरायन की पुत्री रीना (15) घर में पकौड़ी बना रही थी। इसी दौरान कढ़ाई का तेल उसके ऊपर आ गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। परिवारीजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।