क्षेत्र के सकटू पुरवा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल की दीवार गिर गई। स्कूल में खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। दीवार गिरने से स्कूल में अफरातफरी मच गई।
सकटूपुरवा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पांच साल पहले बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया था। दीवार निर्माण के समय भी दीवार गिर गई थी। उसके बाद ठेकेदार ने उस दीवार का दोबारा निर्माण कराया था। सोमवार की दोपहर लंच में स्कूल के बच्चे खेल रहे थे। कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा अल्फिजा खेलती हुई दीवार के पास पहुंच गई। अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई। दीवार गिरती हुई देख कर अल्फिजा और उसके साथ खेल रहीं छात्राएं भाग खड़ी हुईं। खंड शिक्षा अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कर दीवार बनाने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।