धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में बबुरी मार्ग पर हुई वारदात
पल्सर सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
भैंसा बेचकर लौट रहा था घर, एसपी ने किया निरीक्षण
कोतवाली क्षेत्र में बबुरी मार्ग पर मंगलवार को दिन में एक बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने सरे राह एक ग्रामीण को गोली मारकर 56 हजार रुपये लूट लिए। लूटपाट का विरोध करते हुए ग्रामीण बदमाशों से भिड़ गया था। घटना के बाद घायल ग्रामीण को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया गया। लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में घायल ग्रामीण ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर एसपी अखिलेश चौरसिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दिनदहाड़े लूट और हत्या की इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बबुरी निवासी 30 वर्षीय मथुरा भाई जमुना के साथ भैंस बेचने मंगलवार को धौरहरा की साप्ताहिक पशु बाजार गए थे। वहां उन्होंने 56 हजार रुपये की भैंस बेचीं और भाई के साथ पैदल ही गांव लौट रहे थे। बबुरी गांव से बमुश्किल डेढ़ सौ मीटर पहले रास्ते में पल्सर बाइक के साथ तीन बदमाश खड़े मिले। इन बदमाशों ने दोनों भाइयों को रोककर पहले रास्ता पूछा फिर तमंचा और चाकू दिखा कर रुपये मांगने लगे। मथुरा रुपये देने से इंकार करते हुए लुटेरों से भिड़ गए जबकि उनके भाई जमुना शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण कुछ समझ पाते, उससे पहले ही एक बदमाश ने मथुरा की कमर में पीछे से गोली मार दी। दूसरे ने जमुना को तमंचा दिखाकर दौड़ाया और तीसरे बदमाश ने चाकू से मथुरा की पैंट काटकर रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश धौरहरा रोड पर फरार हो गए। खेतों से दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह घायल मथुरा को संभाला और गांव में खबर की। खबर मिलते पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल को निजी वाहन से सीएचसी धौरहरा भेजा। यहां डॉक्टर ने गंभीर हालत होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मथुरा ने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम बनाई गई है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर छापा मारा जा रहा है। कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अखिलेश चौरसिया ने मातहतों को बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए।