खीरी थाना क्षेत्र के गांव मोतीपुर के मजरा लोनपुरवा में रविवार की रात हुई वर्षा से भीगी कच्ची दीवार सोमवार को भरभरा कर ढह गई। जिसके मलबे के नीचे दबने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई।
गांव लोनपुरवा निवासी घनश्याम ऊर्फ कल्लू सोमवार को मजदूरी करने गया था। घर में पत्नी कलावती, उसकी पुत्री मंशा व रागिनी मौजूद थीं। दोपहर करीब तीन बजे मंशा घर के सामने लगे नल पर पानी पीने के लिए निकली। बताते हैं इसी दौरान घर के बाहर स्थित करीब बारह फुट लंबी कच्ची दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसमें मंशा व सामने खेल रहे बकरी के दो बच्चे दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर मां कलावती चीखने-चिल्लाने लगी। कलावती का शोर सुन कर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मंशा के मलबे में दबे होने की जानकारी होने पर आनन-फानन में मिट्टी हटाकर मंशा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं दीवार के मलबे में दबने से बकरी के दो बच्चों में एक की मौत हो गई। ग्रामीणों से घटना की सूचना पाकर एसओ खीरी महेंद्र सचान, लेखपाल सीताराम भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं ओयल चौकी इंचार्ज को फोन पर सूचना दी गई, लेकिन ओयल पुलिस दो घंटे बाद लिखित सूचना मिलने के बाद ही मौके पर पहुंची।
पेड़ से दबकर भैंस मरी
मितौली। तेज हवा व वर्षा के चलते मितौली थाने में लगा गूलर का कई वर्ष पुराना पेड़ जड़ से उखड़ कर गिर गया। पेड़ के गिरने से बिजली लाइन टूट गई। वहीं क्षेत्र में कच्चे मकानों की छत व दीवारें गिर गई। गांव चटौरा में नीम का पेड़ गिरने से गुड्डू वर्मा की भैंस पेड़ के नीचे दबकर मर गई। इसी तरह तेज हवा से बिजली के कई खंभे गिरने से मितौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फीडरों की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई।