कोतवाली क्षेत्र में हुई दो लूट की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है, जिसमें तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनसे 36 हजार नकद, दो तमंचे और एक बाइक बरामद की है। पकड़े गए अभियुक्तों में एक बदायूं का निवासी है। जबकि दो अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुटी है।
सीओ एसी श्रीवास्तव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गोमती मोड़ के पास बाइक से जा रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 36 हजार रुपये बरामद हुए। पकड़े गए अभियुक्त अजीम निवासी पिपरिया थाना फैजगंज बेहटा जनपद बदायूं के पास से एक तमंचा दो कारतूस, छोटू सिंह उर्फ विजय प्रताप सिंह दउदापुर थाना नीमगंाव के पास से एक तमंचा दो कारतूस बरामद हुए। तीसरे अभियुक्त की पहचान मोहम्मदी कस्बे के मोहल्ला सरैयां निवासी सहाब उर्फ हप्पू के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि विजय प्रताप पर नीमगंाव में चार और कोतवाली सदर में दो मामले हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में दर्ज हैं। जबकि बदायूं निवासी अजीम की क्राइम हिस्ट्री के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ के मुताबिक गिरफ्त में आए अभियुक्तों ने 15 जून को पिपरिया धनी पीएनबी बैंक से पैसे निकालकर जा रहे व्यक्ति से दो लाख की लूट की थी। इसके अलावा 12 जून को गुलौली रोड़ पर 76,500 रुपये की लूट में भी शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के अन्य सदस्य बदायूं निवासी आरिफ और मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव नकारा निवासी घनश्याम की तलाश की जा रही है।
--
टीम में यह रहे शामिल
पुलिस टीम में प्रभारी कोतवाल आनंद कुमार शाही, एसएसआई रामसिंह पवार, एसआई पारस नाथ यादव, आरक्षी राजकुमार सिंह, राजेंद्र यादव, अजयदीप सिंह, संजीत चौहान, संजय यादव, अफरोज खॉ और राजू वर्मा आदि शामिल रहे। सीओ ने टीम को 2500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। वहीं एसपी अरविंद सेन ने गैंग का पर्दाफाश करने वाली मोहम्मदी पुलिस को नई गाड़ी मुहैया कराने की घोषणा की है।