पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर सरेराह हुई वारदात
बदमाश किस कदर बेखौफ हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सरेशाम बदमाशों ने पुलिस चौकी के पास हाथ देकर बाइक रोक ली और चाकू के बल पर बाइक और नकदी लूटकर फरार हो गए। खास बात यह है कि सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश करने के बजाय पीड़ित से ही पूछताछ करती रही। पीड़ित ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है।
थाना खीरी के गांव सरखनपुर निवासी इरफान खां ने बताया कि शुक्रवार की शाम लखीमपुर से वह चाचा बरकतुल्ला के साथ बाइक से घर सरखनपुर लौट रहा था। रामापुर चौकी के सामने पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर तीन बदमाशों ने हाथ देकर उसकी बाइक रोक ली। वह लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने चाकू निकाल लिया। बदमाश इरफान से 500, उसके चाचा की जेब से 400 रुपए निकालने के साथ बाइक लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाते ही बिना समय गंवाए पीड़ित पुलिस चौकी पर पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। चौकी पुलिस का आलम यह रहा कि बदमाश सामने से बाइक लेकर निकल गए, लेकिन सिपाहियों ने बदमाशों को रोकने और न ही उन्हें घेर कर पकड़ने की कोशिश की। उल्टे पीड़ित चाचा-भतीजे से पूछताछ करते रहे। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।