- चार नामजद, 100 अज्ञात के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
- बालिका की रेप के बाद हत्या का मामला
बालिका की रेप के बाद हत्या मामले को लेकर जाम लगाकर प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सदर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों को नामजद कर 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बता दें कि रविवार को शहर से सटे एक गांव की आठ वर्षीय बालिका की वहशी दरिंदे ने रेप के बाद बेरहमी से हत्या कर दी और शव बाग में स्थित एक कुएं में फेंक दिया था। शव बरामद होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने खीरी रोड और पीलीभीत-बस्ती हाइवे को जाम कर प्रदर्शन किया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद एक बार फिर लोग मृतक के परिवार वालों को आर्थिक सहायता और लोहिया आवास दिलाने की मांग को लेकर हाइवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना पड़ा। हाइवे पर दोबारा शव रखकर प्रदर्शन करने पर पुलिस हरकत में आ गई। कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि राजापुर चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार की ओर से बालिका के गांव के ही धीरज, धनीराम, गुड्डू और छोटी को नामजद कर 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा सहित कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।