- पुलिस ने कई संभावित स्थानों पर की छापेमारी
- दलित किशोरी की रेप के बाद हत्या का मामला
दलित किशोरी की रेप के बाद हत्या मामले की आरोपी तीनों युवकों को पुलिस दूसरे दिन भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हालांकि पुलिस का दावा है कि उसने कई संभावित स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके हैं।
बता दें कि थाना खीरी के एक गांव की 17 वर्षीय दलित किशोरी सुबह आठ बजे शौच के लिए गई थी। तलाश के दौरान घर वालों को उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। उसके गले में उसी का दुपट्टा कसा था और सलवार खुली हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या और प्राइवेट पार्ट्स में चोट पाई गई थी। पुलिस ने मृतका के भाई की ओर से गांव के ही सोनेलाल गौतम, कलीम और राजेश के खिलाफ रेप और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस दूसरे दिन भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। एसओ आनंद कुमार शाही ने बताया कि घटना में शामिल तीनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं चढ़ सके हैं।