निघासन सर्किल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर होती है वसूली
तिकुनियां, बेलरायां पुलिस की वसूली से परेशान हैं वाहन चालक
वाहनों से अवैध वसूली की मिल रहीं शिकायतों पर एसपी ने कड़ा रूख अख्तियार किया है। उन्होंने सख्ती करते हुए टेंपों चालकों से बस अड्डे पर वसूली करने के मामले में थाना सिंगाही में तैनात सिपाही अशोक यादव को सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने कहा कि अवैध वसूली करने वाले थानेदार हों या फिर सिपाही किसी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
निघासन-सिंगाही। क्षेत्र में बिना परमिट आटो और डग्गामार वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं। इन वाहनों से प्रति माह वसूली करने के लिए निघासन, सिंगाही, झंडी तथा बेलरायां, ढखेरवा चौकी पुलिस ने कहीं अपने सिपाही तो कहीं दलालों को लगा रखा है। सिपाही दलालों के साथ आटो, मैक्सिमों, टाटा मैजिक और मारूती वैन के चालकों से वसूली अवैध वसूली करते हैं, जो चालक पैसा देने में आनाकानी करता है पुलिस उसका वाहन खींचकर थाने ले जाती है और वहां पर दुगना धन वसूली करती है। सिंगाही थाने का सिपाही अशोक यादव कस्बे में एक आटो चालक से अवैध वसूली कर रहा था। पैसा देने से मना करने पर नाराज उस सिपाही ने चालक की पिटाई कर दी। कुछ लोगों ने इसकी वीडियो बना ली और एसपी को देकर मामले की शिकायत की थी। एसपी ने वसूली का मामला पाकर इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने आरोपी सिपाही अशोक यादव को सस्पेंड कर दिया है। बता दें तिकुनियां और बेलरायां पुलिस की वसूली से भी आटो समेत अन्य वाहनों के चालक काफी परेशान हैं।
परमिट लखीमपुर का चलते हैं निघासन में
आटो का परमीशन लखीमपुर से 16 किलोमीटर तक बनाया जाता है, लेकिन यह आटो निघासन क्षेत्र में धड़ल्ले से चलाए जाते हैं। यहां पर पुलिस की सह पर कुछ ऐसे भी आटो हैं जो बिना नंबर के चल रहे हैं।
एआरटीओ भी जान कर बने अंजान
डग्गामार वाहनों की संख्या दिन पर दिन बढती जा रही है। इन डग्गामार वाहनों की जानकारी एआरटीओ को भी है, लेकिन वह भी इस मामले से जानकर अंजान बने हुए हैं।