जलयात्रा निकलने के दौरान हुआ विवाद
कोतवाली क्षेत्र के गांव पीरपुर के कुछ युवकों ने नकारा गांव के ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर सवार श्रद्धालुओं पर लाठी डंडों से हमला कर दिया जिसमें तकरीबन सात लोग जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भरती कराया गया है।
हर वर्ष की भांति नकारा गांव में रुद्र महायज्ञ का आयोजन हो रहा है जिसमें सोमवार दोपहर करीब दो बजे जलयात्रा निकाली जा रही थी। जब यात्रा बाबा टेढ़ेनाथ धाम पहुंची तो वहां एक कोल्ड ड्रिंक की दुकान पर नकारा के दीपक और पीरपुर के रिषीकेश के बीच कुछ कहासुनी हो गई, झगड़ा इतना बढ़ा कि दोनों ने एक दूसरे के सर पर कोल्डड्रिंक की बोतलों से वार कर दिया। जिससे दोनों जख्मी हो गए। इस दौरान वहां मौजूद कुछ समझदार लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया। इसी दौरान जब नकारा गांव की ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार कुछ श्रद्धालु पीरपुर गांव से निकले तो पीरपुर वालों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और फायरिंग कर आतंक मचाया। मारपीट में नकारा गांव के सिंघा, गंगाराम, ज्ञानू, रंजीत, रंज्जन आदि जख्मी हो गए। ट्रॉली पर सवार हमलावरों ने पांच वर्ष के एक बच्चे को भी जख्मी कर दिया। हालांकि पीरपुर के लोगों ने ट्रॉली पर सवार महिलाओं से अभद्रता नहीं की। सूचना पर चौकी प्रभारी अमीरनगर तथा कोतवाली प्रभारी आनंद शाही मौके पर पहुंचे गए। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।