मोहम्मदी रोड पर बड़ी नहर की खरगापुर पुलिया के पास दो बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में पीलीभीत जिले के गांव पिपरिया निवासी वीरपाल और उनकी पत्नी सोनू घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना पुरनपुर (पीलीभीत) क्षेत्र के गांव पिपरिया निवासी 30 वर्षीय वीरपाल, पत्नी 25 वर्षीय सोनू के साथ बाइक से मौसिया ससुर बनवारी लाल के घर से लौट रहे थे। नहर की खरगापुर पुलिया के पास उनकी बाइक में पीछे से बाइक से आ रहे रामू निवासी हैदराबाद ने टक्कर मार दी। जिससे दंपति घायल हो गए, जबकि रामू को हल्की चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंचे दरोगा नरेंद्र सिंह ने घायलों के रिश्तेदारों को फोन से सूचना दी। रिश्तेदार बनवारी लाल और सोवरन ने दंपति को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। एक अन्य घटना में कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक फिसलने से ममरी निवासी देवेंद्र कुमार ग्राम गोविंदापुर के पास सड़क पर गिरकर घायल हो गए, उनको ममरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।