थाना मैलानी की पुलिस चौकी कुकरा के गांव पहाड़नगर में सोमवार दोपहर आग लग गई। जिससे 18 घर जलकर राख हो गए और 23 मवेशियों की जलकर मौत हो गई। आग लगने से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस जीप पर पथराव किया, जिससे उसके शीशे टूट गए। मौके पर पहुंचे विधायक रोमी साहनी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
सोमवार दिन में 11 बजे पहाड़नगर के उत्तरी छोर पर ग्रामीण संतोष के घर पर पड़ा छप्पर धू-धू कर जलने लगे। देखते ही देखते 18 और घर भी आग की चपेट में आ गए और राख हो गए। आग लगने से 23 मवेशी भी जिन्दा जल गए। आग लगने से ग्रामीण दाताराम, सतीश, कलावती, अनिल, उत्तम, गजोधर, अशोक सहित 18 ग्रामीणों के घरों में रखा कीमती सामान, अनाज, नकदी के अलावा गृहस्थी का सारा सामान भी जल गया। आग की लपटों से ग्रामीण बलविन्दर सिंह की चक्की में लगी मशीनें और सैकड़ों क्विंटल अनाज भी राख हो गया।
आग लगने से घबराए ग्रामीणों ने वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रजा मोहम्मद ने इसकी सूचना गोला फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी, पर समय से फायर बिग्रेड नहीं पहुंची। इसी बीच जब पुलिस पहुंची तो ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में गांव के अंदर दिन-दहाड़े कच्ची की भट्ठियां धधक रहीं है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पुलिस जीप पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए।
आग लगने की सूचना मिलते ही विधायक रोमी भी गांव पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों के भोजन के लिए पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। बाद में फायर ब्रिगेड भी पहुंची पर तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था।
...तो कच्ची बनाते समय लगी आग
जिस समय पुलिस जीप पहुंची, उसे देखकर लोगों को गुस्सा भड़क गया। एक ग्रामीण ने कहा-पहले कच्ची बनवाते हैं, अब आग लगने पर तमाशा देखने आए हैं। इसी के साथ कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे जीप के शीशे टूट गए। पहाड़नगर के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में गांव में 24 घंटे कच्ची की भट्ठियां धधक रहीं हैं। इसको लेकर उन्होंने प्रदर्शन करते हुए पुलिस से कच्ची के कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद विधायक रोमी ने उत्तेजित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
कई परिवार बेघर
पहाड़नगर गांव में आग लगने के बाद कई परिवार बेघर हो गए हैं। आग से उनके पास तन पर कपड़े के सिवा कुछ नहीं बचा। अब आगे की गृहस्थी कैसे चलेगी इस बात की चिंता उन्हें सता रही है।
एसओ, मैलानी एसएन द्विवेदी ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। कुछ ग्रामीण कच्ची बनने के दौरान आग लगने की आशंका जता रहे थे, जिसे सही नहीं कहा जा सकता। फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है। कच्ची दारू बनाना अवैध है, जिसे नहीं होने दिया जाएगा।
आग से घर जला
अजान। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव अजान निवासी दिलीप कुमार के घर में आग लग गई, जिससे उसे हजारों का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों की मदद से आग को बमुश्किल बुझाया गया। क्षेत्रीय लेखपाल चेतराम राना ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।