बुधवार की रात कई स्थानों पर दिया घटनाओं को अंजाम
जिले में बुधवार की रात चोर कई स्थानों से लाखों का सामान चुराकर ले गए। इन घटनाओं से लोग दहशत में हैं।
शहर से सटे गांव छाउछ निवासी रामसागर गौतम के घर दीवार फांदकर घुसे बदमाश 16 हजार की नकदी और ढाई लाख के जेवरात चोरी कर ले गए। सुबह जाग होने पर परिवार वालों को चोरी की जानकारी हुई। घटना से पूरे गांव में भय व्याप्त हो गया। गृहस्वामी ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने का भरोसा दिया है।
सराफ की दुकान में लाखों की चोरी
गोला गोकर्णनाथ। नगर के मोहम्मदी रोड पर चोरों ने एक सराफ की दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर नकदी जेवर सहित लाखों की चोरी कर ली। पुलिस ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहम्मदी रोड निवासी हरिओम राजपूत की रोड पर ही खुशी ज्वैलर्स के नाम से सराफ की दुकान है। 1/2 मार्च की रात चोरों ने उनकी दुकान के पिछला दरवाजा तोड़कर तिजोरी, आभूषण रखने के शोकेस तोड़कर आठ हजार रुपया नकद, लगभग चार किग्रा चांदी का जेवर समेत लाखों का माल चोरी कर लिया। सुबह जब पास के दुकानदारों ने दुकान का पिछला दरवाजा खुला देखा तो सराफ हरिओम को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे सराफ ने दुकान के अंदर जाकर देखा तो वह दंग रह गए, और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल संतोष कुमार तिवारी ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर मौका मुआयना किया और तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
गुरुद्वारे से दान की गुल्लक चोरी
मोहम्मदी। कोतवाली के लखा गुरुद्वारे में बुधवार की रात चोरों ने दान की गुल्लक तोड़ कर रुपये निकाल लिए। गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। जत्थेदार बलजिंदर सिंह ने बताया कि रात में चोर अंदर घुस कर गुल्लक उठाकर खेत में ले गए। वहां गुल्लक तोड़कर दान का रुपया निकाल लिया। गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। घटना की सूचना पाकर सीओ एलडी भारती, रेहरिया चौकी प्रभारी पारसनाथ यादव, इंस्पेक्टर जीएस पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कैमरे में आई फुटेज को देखकर चोरों की तलाश की जा रही है।