किसानों से खरीदे गेहूं का निकाल लिया भुगतान
डीएम के निर्देश पर डिप्टी आरएमओ ने की जांच
मंडी समिति में लगे आरएफसी के गेहूं खरीद कें्द्र पर किसानों के खरीदे गये गेहूं का लाखों रुपया मार्केटिंग इंस्पेक्टर अर्जुन पाठक ने निकाल लिया। परेशान किसानों की शिकायत पर हुई जांच में 11 लाख रुपयों का घपला सामने आया है। जांच अधिकारी ने दो दिन में किसानों का समस्त भुगतान करने का निर्देश देकर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
मंडी समिति में लगे आरएफसी के गेहूं खरीद कें्द्र पर अग्गर खुर्द के सतविंदर सिंह, जरनैल सिंह, रामनरेश प्रधान, हर्रैया के बल्देव सिंह, वसलीपुर के अवतार सिंह, मंजीत सिंह सहित दो दर्जन से अधिक किसानों ने गेहूं बेचा। काफी दिनों तक भुगतान न मिलने पर किसानों ने इसकी शिकायत डीएम से की। डीएम के निर्देश पर डिप्टी आरएमओ कौशलदेव, जखीमपुर की एसएमआई प्रीति मिश्रा, महेवागंज की गीता कुलश्रेष्ठ ने आकर किसानों के सामने सेंटर इंचार्ज से जानकारी की। सेंटर इंचार्ज ने अपने को घिरा देख स्वीकार किया कि 11 लाख रुपयों का उन्होंने भुगतान निकाल लिया है, जबकि किसानों का कहना है कि 40 से 50 लाख रुपयों का गबन हुआ है।
डिप्टी आरएमओ कौशलदेव ने जब पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी तब सेंटर इंचार्ज ने दो दिन में सभी किसानों का नकद भुगतान कर देने का आश्वासन दिया है।