कोतवाली सदर क्षेत्र में शुक्रवार रात कुछ लोगों ने कांग्रेस प्रवक्ता पर तमंचे से फायर किया, जोकि मिस हो गया। शनिवार को समर्थकों के साथ प्रवक्ता ने एलआरपी चौकी पहुंचकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली सदर के ग्राम छाउछ के मोहल्ला कौशल किशोर नगर निवासी कांग्रेस प्रवक्ता डीके दीक्षित ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर बताया है कि शुक्रवार की रात लगभग 10.30 बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ बेहजम रोड स्थित सुरेशचंद्र वर्मा के यहां से भोजन कर लौट रहे थे। तभी पुरानी मस्जिद के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोका और बात करने के लिए अलग बुलाकर ले गए। इसके बाद उनके ऊपर तमंचे से फायर किया जो कि मिस हो गया। उनके शोर मचाने पर अन्य साथी वहां पहुंच गए तब वे लोग धमकी देकर भाग गए। डीके दीक्षित ने कोतवाली में तहरीर दी और समर्थकों संग एलआरपी चौकी जाकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।