दारापुर रसैनी में पहुंचा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने बांधा
- फोटो : अमर उजाला
डेयरी से लौट रहे मजदूरों पर किया था हमला
मगरमच्छ के हमले में घायल हुए दो दैनिक श्रमिकों में एक की लखनऊ में इलाज दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरा जिला अस्पताल में भर्ती है। वन विभाग के अधिकारियो ने मौका मुआयना कर पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
राजकीय कृषि प्रक्षेत्र मंझरा के डेयरी अनुभाग में बतौर दैनिक मजदूरी करने वाले महेवा निवासी 45 वर्षीय ओमप्रकाश और मंझरा निवासी 42 वर्षीय राम प्रसाद सोमवार की देर शाम मगरमच्छ के हमले में घायल हो गए थे। मंझरा जंगल से होकर गुजरी कंडवा नदी पुल क्रॉस करते समय मगरमच्छ ने इन पर हमला बोल दिया था। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर सूचना मिलते ही शारदानगर रेंजर भगवानदीन, वन दरोगा राममिलन ने मौका मुआयना किया। साथ ही पीड़ितों का हाल जानने अस्पताल भी पहुंचे। डॉक्टरों ने रामप्रसाद की हालत नाजुक देख रात मे ही उसे लखनऊ रेफर किया था, जहां उपचार के दौरान मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई। मौत से परिवार मे कोहराम मच गया। वहीं ओमप्रकाश की हालत भी गंभीर बनी है। मगरमच्छ के हमले के बाद विभागीय कर्मियो ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।