कई महीनों से पुलिस के लिए सिरदर्द बने थे लुटेरे
काफी लंबे समय से सिर दर्द बने पर्स लूटने वाले गिरोह का सदर कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। पुलिस ने लूटे गए पर्स, दो मोबाइल और नगदी बरामद करने का दावा कर घटनाओं में प्रयुक्त होने वाली अपाची बाइक व एक अन्य बाइक कब्जे में लिया है।
शहर में आए दिन पर्स छिनैती की घटनाएं होती थीं। अपाची बाइक सवार तीन युवक खासतौर पर डीसी रोड और विकास भवन रोड पर महिलाओं की पर्स लूटकर भाग जाते थे। इन लुटेरों से परेशान पुलिस ने डीसी रोड और विकास भवन रोड पर सुरक्षा बढ़ाई थी और प्वाइंट निर्धारित कर पुलिस भी लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद भी लुटेरों ने एक माह में चार घटनाओं को अंजाम दे दिया था। सदर कोतवाल नागेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस कई दिनों से लुटेरों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कचहरी गेट के पास थाना मोहम्मदी के गांव पोखनापुर निवासी नितिन मिश्रा को अपाची बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी एक बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से अलग-अलग दिनों में तीन महिलाओं से लूटी गई पर्स में से दो मोबाइल और एक पर्स, सात सौ रुपये की नगदी बरामद की है। पुलिस फरार आरोपियों थाना फरधान के गांव कुशभरिया (रुकनापुर) निवासी अभय शुक्ला उर्फ बजरंगी और थाना खीरी के गांव इब्राहीमपुर निवासी दीपक कुमार पांडेय उर्फ बद्दल की तलाश कर रही है।