फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होली पर जिले भर में हुए बवाल, नोकझोंक

Wed, 15 Mar 2017 12:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो  लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
police - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
गांव देउवापुर और गोला में सदर चौराहे पर हुड़दंग
विज्ञापन

धर्मस्थल पर तोड़फोड़ का आरोप, आठ के खिलाफ बलवा की रिपोर्ट दर्ज 
मितौली में दो पक्षों ने की हवाई फायरिंग
होली पर जिले भर हुड़दंगियों ने बवाल काटा। शहर के अलावा गोला, मितौली और मोहम्मदी में मारपीट की घटनाएं हुईं। शहर से सटे गांव देउवापुर में धर्मस्थल पर लगे लाउडस्पीकर और झंडे को तोड़ने और विरोध करने पर हुई मारपीट से गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना पर एएसपी, सीओ  फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाबुझाकर किसी तरह से शांत कराया। गांव में एहतियातन पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने आठ लोगों को नामजद कर बलवा सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर से सटे गांव देउवापुर में सोमवार की रात कुछ हुड़दंगियों ने एक व्यक्ति की दीवार क्षतिग्रस्त कर दी और नालियों पर पड़े पत्थर तोड़ दिए। आरोप है कि हुड़दंगियों ने गांव में लगे एक धार्मिक स्थल का लाउडस्पीकर उतार ले गए और झंडा फाड़ दिया। इससे गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना पर एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, सदर कोतवाल दीपक शुक्ल भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और आक्रोषित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस के समय से पहुंचने से बड़ी वारदात टल गई। गांव में दो समुदायों के बीच तनाव को देखते हुए एहतियातन पीएसी तैनात की गई है। एएसपी ने बताया कि गांव में कोई तनाव नहीं हैं, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी तैनात की गई है। सीओ सिटी ने बताया कि गांव के ही अनिल, पिंटू, टीटू, शुभम समेत आठ लोगों के खिलाफ बलवा, तोड़फोड़ समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन


होलिका दहन स्थल पर अवैध कब्जे को लेकर भिड़े दो पक्ष
पलियाकलां। होली के त्योहार में इलाके के गांव देवीपुर गजरौरा में होलिका दहन स्थल पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी। 
इलाके के देवीपुर गजरौरा गांव में होलिका की जमीन पर अवैध कब्जा होने की वजह से विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि यहां के प्रधान द्वारा कुछ लोगों से सांठगांठ कर यह कब्जा उन्हें दिलवा दिया गया। होलिका दहन को लेकर अवैध कब्जेदारों से विवाद शुरू हो गया। मामले की सूचना यूपी-100 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर आ पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा और कहा कि फिलहाल जहां होलिका दहन होता चला आ रहा है वहां इस बार भी किया जाएगा। उसके बाद तहसील जाकर अवैध कब्जे की शिकायत करें तब मामला निपट जाएगा। इसके बाद जैसे-जैसे यहां होलिका दहन किया गया।

भाजपा-सपा समर्थकों में जमकर मारपीट, बवाल 
मितौली। चुनावी नतीजे आने के बाद कसबे में जीत का जश्न मनाते समय कुछ हुड़दंगियों ने छींटाकशी के साथ गाली गलौज शुरू कर दी, जिससे दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इससे कसबे में बवाल हो गई। मारपीट में कई लोग चोटिल हो गए। साथ ही तनाव व्याप्त हो गया। हालात इस कदर बिगड़ गए कि कसबे मेें पुलिस और पीएसी तैनात करनी पड़ी। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह से मामला शांत कराया।
चुनावी नतीजे आने के बाद मितौली कस्बे का माहौल काफी गर्म था। निवर्तमान विधायक सुनील लाला का गांव होने के कारण विपक्षी अपने अपने हिसाब से जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान कुछ समर्थक अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगे। दो दिनों में कई लोग मारपीट की घटनाओं का शिकार हुए। कस्बे में लगातार हो रही लड़ाई से लोगों में उबाल आ गया। होली के हुड़दंग के दौरान जीत की खुशी मना रहे समर्थक कस्बे के कई लोगों के घरों में घुस गए। इस दौरान गालीगलौज और मारपीट भी की। निवर्तमान विधायक सुनील लाला के समर्थक भी अपना आपा खो बैठे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए और दोनों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। जिससे कई लोगों को चोटें आईं हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालातों को काबू करने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख एसओ ने घटना की जानकारी आला अफसरों को दी। मौके पर पीएसी के साथ एसडीएम मंशाराम वर्मा, तहसीलदार आशुतोष गुप्ता, सीओ निष्ठा उपाध्याय पहुंच गईं। पुलिस ने भाजपा समर्थकों अलग-अलग तहरीरों पर निवर्तमान विधायक सुनील लाला सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

गोला गोकर्णनाथ। होली पर हुड़दंगियों ने जमकर बवाल किया।  नगर के गुप्ता कालोनी मोहल्ले में होली की रात कुछ शरारती तत्वों ने एक युवक को किसी बात को लेकर जमकर पीटा। बेहोश होने पर शरारती युवक भाग निकले। सुबह उन्हीं शरारती युवकों ने मोहल्ले का माहौल खराब करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को मोहल्ले से दबोच लिया और कोतवाली ले आयी। पुलिस कार्रवाई करने जा रही थी कि जीत का जश्न मनाने वाले लोग कोतवाली पहुंचे और दबाव बनाकर उन युवकों को छुड़ा ले गए। जिससे उन युवकों के हौसले बुलंद हो गए और मोहल्ले में जाकर पुन: शरारत शुरू कर दी। जिससे देर रात तक मोहल्ले का माहौल तनावपूर्ण रहा और यह घटना चर्चा का विषय बनी रही। वहीं मुन्नूगंज, विकास चौराहा, लाम्बा नगर, पश्चिमी दीक्षिताना, मोहम्मदी रोड, खुटार रोड पर छुटपुट घटनाएं हुई। जिस पर पुलिस की सक्रियता से बड़ी घटना होने से बचती रही।

शरारती तत्वों ने दो खोखे जलाए
ममरी।  होली के हुड़दंग में कुछ शरारती युवकों ने कस्बे की मार्के ट में प्राथमिक  विद्यालय की बाउंड्री के बाहर रखे ममरी निवासी सतीश श्रीवास्तव, सुधीर  गुप्ता, नरेशचंद वर्मा के लकड़ी के तीन खोखे रात में उठाकर होली में डालकर  उन्हें जलाकर नष्ट कर दिया। सतीश का कहना है कि उसके खोखे में एक मेज दो  कुर्सियां भी रखी थीं। उधर सुंदरपुर गांव में किसी व्यक्ति ने लालाबाबू के  घर को रंजिशन आग लगा दी, जिससे हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ितों  ने घटना की सूचना हैदराबाद थाना में दे दी है। पुलिस शरारती युवकों की  तलाश में जुट गई है।

सपा-भाजपा समर्थकों में विवाद, हवाई फायरिंग
मितौली। होली के दौरान तेदुआ गांव में सपा-भाजपा समर्थकों के बीच गाली गलौज से शुरू हुआ विवाद हवाई फायरिंग तक जा पहुंचा। इस मामले में पुलिस ने राकेश सिंह की तहरीर पर कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

मितौली थाना क्षेत्र के तेदुआ गांव में जीत के जश्न में डूबे लोगों की ओर से लोगों पर टीका टिप्पणी, मारपीट, गाली गलौज की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। बताते हैं कि होली के दौरान भी ऐसी घटनाएं दोहराने का प्रयास किया गया। इस पर ग्राम प्रधान पति व उनके समर्थकों की ओर से विरोध दर्ज कराया गया। इस पर दोनों ओर से गाली गलौज मारपीट और फायरिंग की वारदातों को अंजाम दिया गया। इस मामले की सूचना पर यूपी-100 ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। इस मामले में गांव के रहने वाले राकेश सिंह की तहरीर पर प्रधानपति संगेश सिंह, सुरेश सिंह, उमेश सिंह, रामपाल सिंह, फिरोज सिंह, राकेश सिंह, विक्रम सिंह, हरनाम सिंह और मनोज सिंह पर बलवा सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें