त्रिकोलिया बाजार से घर बाइक से जा रहे थे जागीर सिंह
संपूर्णानगर थाने के परसपुर चौकी के अंतर्गत त्रिकोलिया बाजार से वापस आते समय एक वृद्ध को उसके भाई और दो भतीजों ने बांके से काटकर मौत के घाट उतार दिया। सरेशाम हुई हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भाई और भतीजों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
ग्राम पढुवा-त्रिकोलिया निवासी पूरन सिंह के 60 वर्षीय पुत्र जागीर सिंह त्रिकोलिया बाजार आए थे। इस दौरान वह बाजार से अपनी बाइक से घर वापस जा रहे थे तभी रास्ते में उनके भाई और दो भतीजों ने जमीन के विवाद को लेकर बांके से ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिए। जागीर सिंह कुछ समझ पाते इससे पहले ही तीनों ने उनको बांके से काटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। राहगीरों में इस कदर दहशत व्याप्त हो गई कि कोई उन्हें बचाने की जहमत नहीं उठा सका। हमलावर करीब 20 मिनट तक उस पर बांके से प्रहार करते रहे। सूचना पर पहुंची संपूर्णानगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई और भतीजों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि वृद्ध की जमीन के विवाद में हत्या में की गई है। परिवार वालों ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।