गुलरिया गोलीकांड में नही लग रहा कोई सुराग
देर रात को एसपी पहुंचे थे गांव, किया था मौका मुआयना
लखनऊ में भर्ती है जख्मी युवक, पुलिस की निगाह बयान पर
गुलरिया गांव में गोलीकांड के करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजुआ पुलिस कोई सुराग नही तलाश पाई है। घटना के बाद गांव के माहौल को देखते हुए रात को ही एसपी मनोज कुमार झा समेत दो सीओ एवं कई एसओ मौके पर पहुंचे थे। घटना के जल्द खुलासे के लिए रात को ही एक्सपर्ट टीम एवं सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुंची थी।
भीरा थाना एवं बिजुआ पुलिस चौकी क्षेत्र के गुलरिया गांव में शनिवार रात करीब 9:20 बजे गांव के ही मोहसिन को उस समय दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मारी थी जब वह अपना मेडिकल बंद कर पास में ही अपने घर जा रहे थे। घायल मोहसिन ने बताया था कि बाइक सवार दो युवकों ने उनसे गांव में बारात जाने का रास्ता पूछा और उनके जवाब देते ही पीछे से गोली मार दी। गोली पीठ के निचले हिस्से से लगकर सीने के दाहिने तरफ से निकल गई। जख्मी मोहसिन को लेकर उनके परिवार वाले जिला अस्पताल गए थे। वहां से गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ रेफर किया गया था। उधर, लखनऊ में खून चढ़ाया जा रहा है। गांव में ेभीरा एसओ जितेंद्र यादव, चौकी इंचार्ज अजय शर्मा डटे रहे।
घटना की जानकारी पाकर रात को ही एसपी मनोज कुमार झा ने गुलरिया मौके वारदात का दौरा किया, एसपी ने लोगों से पूछताछ की। रात को ही सीओ गोला अशोक कुमार यादव, के अलावा सीओ पलिया, मैलानी एसओ अजय यादव, गोला कोतवाल एवं सर्विलांस टीम भी पहुंची।
कई युवकों से पूछताछ, फिर भी खाली हाथ
पुलिस इस मामले में करीब एक दर्जन लोगों से पूछताछ कर चुकी है। वहीं घटना में सफेद अपाचे बाइक पर सवार युवकों के शामिल होने पर उनकी तलाश चल रही है।