नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव बसारा में लल्लूराम की हत्या के मामले में 30 घंटे बाद भी पुलिस प्रधान सहित चार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि अभी हत्याकांड की जांच की जा रही है। कई बिंदुओं पर महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
बता दें कि बसारा गांव में शनिवार की सुबह लल्लूराम का खून से लथपथ शव घर के बाहर पड़े बग्गर से बरामद किया गया था। उसकी गर्दन और गले पर धारदार हथियार के निशान मिले थे। इस मामले में लल्लूराम के बड़े पुत्र ओमप्रकाश ने गांव के प्रधान संजय वर्मा टीटू, शिवप्रसाद, दीनदयाल और आशाराम के खिलाफ हत्या की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना की जानकारी होने के बाद एसपी अरविंद सेन ने मौका-मुआयना कर बताया था कि दोनों पक्षों के बीच दो दिन पहले गांव में बन रही नाली को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शनिवार को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से पुलिस अभी तक लल्लूराम हत्याकांड में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। नीमगांव एसओ बृजेंद्र सिंह यादव का कहना है कि हत्याकांड में पुलिस को कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।