कस्बे में आए दिन हो रही चोरियों से व्यापारियों में रोष
लखीमपुर-गोला मार्ग पर रुकुंदीपुर कस्बे में बुधवार की रात चोरों ने एक मोबाइल शॉप में नकब लगाकर नकदी समेत लाखों के मोबाइल पार कर दिए। वृहस्पतिवार की सुबह पीड़ित ने जब दुकान खोली तो अंदर बिखरे पड़े सामान को देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया है।
पीरपुर निवासी हरिओम शुक्ला की रुकुंदीपुर में मोबाइल शॉप की दुकान है। हरिओम शुक्ला ने बताया कि बुधवार की शाम दुकान बंद कर वह अपने गांव चले गए। रात में किसी समय चोरों ने दुकान के पीछे से सेंध लगाकर 1500 रुपये और करीब डेढ़ लाख कीमत के मोबाइल सेट चोरी कर लिए। वृहस्पतिवार को जब वह दुकान खोलने पहुंचें तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोरी की तहरीर थाने में दी गई है। हाईवे के किनारे स्थित कस्बे में आए दिन दुकानों में हो रही चोरियों से व्यापारियों में पुलिस के खिलाफ रोष है। मालूम हो कि 10 दिन पहले भी चोरों ने कस्बे मेंनौ खोखों के ताले तोड़ डाले थे।