खीरी थाना क्षेत्र के ग्र्राम इलायचीपुरवा में पड़ोसियों ने एक परिवार की जमीन के एक टुकड़े पर कब्जा जमा लिया। दबंगों ने पीड़ित परिवार के कृषि यंत्रों को तोड़ दिया और विरोध करने पर मारपीट की। खीरी थाना पुलिस से मामले की शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लिहाजा पीड़ित परिवार ने एसपी अरविंद सेन के सामने पेश होकर गुहार लगाई।
इलायचीपुरवा निवासी राजकिशोर, रमेश, संकटा प्रसाद, शिवकुमार ने बताया है कि घर के पास ही जमीन का एक टुकड़ा है, जिस पर सामान रखते हैं। इसी जमीन पर पड़ोसी कब्जा करने की नीयत रखते हैं, जिसको लेकर दीवानी में मुकदमा चल रहा हैै। इसमें अगली पेशी तारीख 11 मई को है। इससे पहले ही शनिवार को विपक्षी और उनके सहयोगियों ने हमला कर दिया और जमीन पर जबरन कब्जा करते हुए कृषि यंत्रों को तोड़ दिया। विरोध किया तो इन लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। मामले की सूचना खीरी थाना पुलिस को दी गई। आरोप है कि न तो रिपोर्ट लिखी गई और न ही मेडिकल कराया गया। पीड़ित राजकिशोर ने बताया है कि विपक्षियों के खिलाफ आपराधिक मामले भी न्यायालय में विचाराधीन हैं। एसपी अरविंद सेन ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।