खेतों में खड़ी फसल जलने से लाखों का नुकसान
मूड़ाखालसा में शुक्रवार को गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से खेतों में खड़ा बीसियों एकड़ गेहूं आग की भेंट चढ़ गया, जिसमें दर्जनों किसानों के अरमान भी राख हो गए। आग को देखकर कई किसान गश खाकर गिर गए। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों को बहुत मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर काबू पाया जा सका। स्थानीय पुलिस ने आग बुझाने में किसानों का सहयोग किया। वहीं देर से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी खानापूर्ति कर वापस चली गई।
इस आग में अमीरनगर निवासी यूनुस खां के तीन एकड़ गेहूं, यासीन खां के दो एकड़, मूड़ा निवासी हरिश्चंद्र के तीन बीघा, धरमपाल के तीन बीघा, रामचंद्र के तीन बीघा, जीवन का एक एकड़, जयकरन का एक एकड़, बालकराम का चार बीघा, हरेंद्र का पांच बीघा, जगतपाल की दो बीघा, रूपलाल का तीन बीघा, जसकरन का तीन बीघा और लालता प्रसाद का बोने के लिए रखा गन्ना भी जल गया। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्रीय लेखपाल सर्वे करने नहीं पहुंचा था।